फरारी खत्म: हरिद्वार में पौड़ी निवासी युवक पर हमले के दो इनामी आरोपी पुलिस गिरफ्त में, सीओ सदर ने किया खुलासा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र के हेमपुर गांव में हुई जानलेवा मारपीट के मामले में हरिद्वार पुलिस ने दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर ₹2500-₹2500 का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब भी मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर एसपी बलूनी ने बताया कि बीती 10 जून 2026 को हेमपुर निवासी सचिन पुत्र खुबीर निवासी तलाई तल्ली, जिला पौड़ी गढ़वाल (हाल पता शांति धाम कॉलोनी, हेमपुर) की ओर थाना सिडकुल में तहरीर दी गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि विशाल सहित 9-10 लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडों, तलवारों और अन्य हथियारों से उसके भाई, जीजा और बहन पर जानलेवा हमला किया। इस संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था।

इसी क्रम में 24 जून 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ₹2500-₹2500 के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यदि किसी व्यक्ति की ओर से आरोपियों को संरक्षण देने की बात सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में विशाल पुत्र स्वर्गीय रविंद्र उर्फ पप्पू (20 वर्ष) तथा सूरज उर्फ गोलू पुत्र प्रवीन (19 वर्ष), दोनों निवासी हेमपुर, थाना सिडकुल शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

You cannot copy content of this page