स्कॉर्पियों पर विधायक का बोर्ड लगाकर रौब दिखाना पड़ा महंगा, पौड़ी पुलिस ने कर डाली कार्रवाई, देखिए वीडियो

खबर डोज, श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पौड़ी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। यात्रा मार्गों पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने एक ऐसे वाहन पर कार्रवाई की, जिस पर “विधायक” का बोर्ड लगाया गया था और वाहन में नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार श्रीनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वाहन को रोका। जांच में पाया गया कि वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी तथा उसमें अवैध हूटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। साथ ही वाहन के आगे “विधायक” का बोर्ड भी लगाया गया था।
पुलिस टीम ने मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहन से हूटर जब्त कर लिया और शीशों से काली फिल्म उतरवाई। इसके अलावा वाहन चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।
पौड़ी पुलिस का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और यात्रा मार्गों पर अनुशासन बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने सभी यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों पर किसी भी प्रकार के अवैध बोर्ड, काली फिल्म, हूटर या प्रतिबंधित उपकरणों का प्रयोग न करें। पुलिस ने साफ कहा कि सम्मान जिम्मेदारी से मिलता है, रौब दिखाने से नहीं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







