श्यामपुर पुलिस ने हुड़दंग मचाने वाले “मकड़ा गैंग” के पांच मकड़े किए गिरफ्तार, देखिए वायरल वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस ने कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम गाजीवाली क्षेत्र में हुड़दंग मचाकर क्षेत्र की शांति भंग करने वाले कथित “मकड़ा गैंग” के पांच युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोटरसाइकिल और कारों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर गैंग के रूप में लड़ाई-झगड़ा और हुड़दंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी युवकों को पकड़कर धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी अपने वाहनों पर “मकड़ा” चिन्ह और पहचान का इस्तेमाल कर गैंग के रूप में सक्रिय थे। पुलिस ने पूरे गैंग को एक साथ हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की ओर से सोशल मीडिया खंगालने पर आरोपियों से जुड़े कई आपत्तिजनक वीडियो भी सामने आए हैं। इसके बाद पुलिस ने ऐसे युवकों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। थाना स्तर पर ऐसे गैंगों के सदस्यों का अलग रजिस्टर तैयार किया जा रहा है ताकि भविष्य में कानून व्यवस्था प्रभावित न हो सके।

एसएसपी नवनीत सिंह ने साफ संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। हरिद्वार पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वह पढ़ाई – लिखाई और अपने करियर पर ध्यान दें तथा सोशल मीडिया और गैंगबाजी के जरिए गलत रास्ते पर न जाएं।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहित पुत्र राजकुमार, देव पुत्र संजीत, सन्नी पुत्र प्रमोद, परवेज पुत्र विद्या रत्न और योगेश शर्मा पुत्र मोहन शर्मा निवासी ग्राम कांगड़ी, थाना श्यामपुर शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रविंद्र गोड़, हेड कांस्टेबल विकास भट्ट, बृजमोहन सिंह और कुलदीप सिंह शामिल रहे।

You cannot copy content of this page