हरिद्वार डीएम ने अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों की सुविधाएं बढ़ाने के दिए निर्देश

–डीएम मयूर दीक्षित ने जिला, महिला और मेला अस्पताल की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा की
–मेला अस्पताल के आसपास अतिक्रमण हटाने और कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश
खबर डोज, हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को कलेक्ट्रेट रोशनाबाद स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिला चिकित्सालय, चैन राय जिला महिला चिकित्सालय और मेला उप जिला चिकित्सालय की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही व्यवस्थाओं में लगातार सुधार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा उपकरण, औषधि, रसायन और सर्जिकल सामग्री की नियमानुसार उचित दरों पर खरीद करने के निर्देश भी दिए।
मेला अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने भवन के रंग-रोगन, रेलिंग, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन उपकरणों की मरम्मत के साथ सैनिटाइजेशन एवं साफ-सफाई के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों के लिए एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डीएम ने मेला अस्पताल के आसपास और अस्पताल वाली सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर और उसके आसपास कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाए। अधिकारियों को अस्पताल के आसपास स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में चिकित्सा प्रबंधन समितियों के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव से संबंधित एजेंडा एवं विवरण प्रस्तुत किया गया। प्रमुख अधीक्षक एवं सचिव चिकित्सा प्रबंधन समिति जिला चिकित्सालय डॉ. राजेश गुप्ता तथा चैन राय जिला महिला चिकित्सालय एवं हरमिलाप जिला चिकित्सालय और मेला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक शशिकांत ने विभिन्न प्रस्तावों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए प्रस्तावित कार्यों की प्राथमिकता तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
बैठक में लोकसभा सांसद हरिद्वार के प्रतिनिधि बृजेश कुमार गुप्ता, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि राकेश शर्मा, विधायक हरिद्वार के प्रतिनिधि राजेश जोशी, मेयर नगर निगम हरिद्वार के प्रतिनिधि एवं पार्षद सचिन प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, डॉ. नरेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







