22 माह के सफल कार्यकाल के बाद विदा हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल

ख़बर शेयर करें -

नई जिम्मेदारी के लिए पुलिस अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं, स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मान

खबर डोज, हरिद्वार। उत्तराखंड शासन की ओर से हाल ही में जारी स्थानांतरण एवं तैनाती आदेश के तहत नवंबर 2024 से जनपद हरिद्वार में एसपी देहात की जिम्मेदारी संभाल रहे शेखर चंद सुयाल का स्थानांतरण जनपद देहरादून किया गया है। उन्हें देहरादून में अपर पुलिस अधीक्षक नगर की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरिद्वार से प्रस्थान से पूर्व पुलिस कार्यालय के मीटिंग हॉल में उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शेखर चंद सुयाल के करीब 22 माह के कार्यकाल को याद किया। अधिकारियों ने इस दौरान उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण एवं अपराधों के अनावरण, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा कांवड़ यात्रा समेत विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों को सकुशल संपन्न कराने में निभाई गई भूमिका का उल्लेख किया।

पुलिस अधिकारियों ने उनके व्यवहार, मृदु भाषा शैली और कुशल वक्ता के रूप में मंच संचालन की विशेष रूप से प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न परिस्थितियों में पुलिस टीम के साथ समन्वय बनाकर जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

विदाई समारोह के दौरान सूक्ष्म जलपान के बाद पुलिस अधिकारियों ने शेखर चंद सुयाल को फूल माला पहनाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आने वाले वर्षों में पुनः साथ मिलकर कार्य करने की इच्छा व्यक्त की।

इस अवसर पर शेखर चंद सुयाल ने हरिद्वार में कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभागीय टीम के सहयोग के कारण ही विभिन्न जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सका।

विदाई समारोह में सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, सीओ ज्वालापुर संजय चौहान, सीओ सिटी शीशुपाल नेगी, सीओ यातायात विपेंद्र सिंह, प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण आलोक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page