नौकरी लगाने के नाम पर 18 लाख की ठगी करने वाले हरिद्वार के नेता जी प्रदीप कोटद्वार कोतवाल प्रदीप के दिशा-निर्देशन में किए गए गिरफ्तार

खबर डोज, कोटद्वार। नौकरी लगाने के नाम पर 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे हरिद्वार के पूर्व में रहे भाजपा नेता को कोटद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज था। लगातार फरार रहने पर पुलिस ने न्यायालय से आरोपी का गैर जमानती वारंट भी प्राप्त किया था।
पुलिस के अनुसार, जौनपुर कोटद्वार निवासी सूर्यकांत बलूनी ने कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि हरिद्वार के शिवालिक नगर निवासी प्रदीप सैनी ने नौकरी लगाने के नाम पर उनसे 18 लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस किए।
शिकायत मिलने के बाद उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के निर्देश पर कोतवाली कोटद्वार में आरोपी प्रदीप सैनी के खिलाफ बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कोटद्वार के पर्यवेक्षण में पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस के मुताबिक, वादी द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी को विवेचना में सहयोग के लिए बुलाया गया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह घर पर नहीं मिला और फरार हो गया। आरोपी के लगातार फरार रहने के कारण पुलिस ने न्यायालय से उसका गैर जमानती वारंट प्राप्त किया। साथ ही उसकी तलाश के लिए मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी प्रदीप सैनी पुत्र महेंद्र सिंह सैनी, निवासी शिवालिक नगर हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चमोली चौकी प्रभारी स्नेह, कोतवाली कोटद्वार तथा हेड कांस्टेबल आदित्य शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







