संत समाज के मार्गदर्शन से धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण को मिलती है प्रेरणा: मुख्यमंत्री धामी

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत समाज ने सदैव धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के साथ समाज को सेवा, सत्य और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। संतों और आचार्यों का मार्गदर्शन समाज को बेहतर दिशा देने के साथ ही राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि का मूल स्वरूप, पवित्रता और सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री शनिवार को हरिद्वार के सप्तसरोवर रोड स्थित भूपतवाला के श्री ब्रह्म निवास आश्रम में पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सतगुरु लाल दास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज ने अपने जीवन में आध्यात्मिकता को प्राथमिकता देते हुए समाज को सेवा, सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। उनकी वाणी में अद्भुत शक्ति और दृष्टि में असीम करुणा थी। उन्होंने समाज को जोड़ने का कार्य किया और जीवनभर यह संदेश दिया कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।

उन्होंने कहा कि संतों का सानिध्य और सतगुरु की कृपा प्राप्त होना सौभाग्य की बात है। भारत की महान संस्कृति हमें सिखाती है कि जीवन में कितनी भी कठिनाइयां आएं, अच्छे समाज के निर्माण और विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। संत समाज ने हमेशा धर्म और संस्कृति के संरक्षण के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सनातन धार्मिक संस्कृति के पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल चल रहा है। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर, काशी कॉरिडोर और उज्जैन में महाकाल कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के साथ उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा में क्षतिग्रस्त केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से किया गया है। मंदिर माला मिशन के तहत प्रदेश के विभिन्न मंदिरों के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

रोपवे परियोजनाओं से सुगम होगी तीर्थयात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। रोपवे बनने से कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले दुर्गम तीर्थस्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी। विशेष रूप से बुजुर्ग तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक और सुगम हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश कॉरिडोर और आस्था पथ के साथ ही शारदा एवं यमुना तटों के विकास जैसे कार्य भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य धार्मिक आस्था के केंद्रों के विकास के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि का मूल स्वरूप, पवित्रता और सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रहना बेहद जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण तथा देवभूमि की संस्कृति और सामाजिक वातावरण को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि देहरादून में हिंदू अध्ययन केंद्र बनाया गया है, जहां धर्म और संस्कृति के साथ ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में अध्ययन, शोध और अनुसंधान को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदार की धरती से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। इसी लक्ष्य के अनुरूप प्रदेश में धर्म, विकास, नवाचार और ज्ञान के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

संस्था 57 वर्षों से कर रही अखंड भोजन की सेवा

कार्यक्रम में श्री सतगुरु चेतनानंद जी भूरी वाले ने बताया कि संस्था पिछले 57 वर्षों से निरंतर अखंड भोजन की सेवा कर रही है और गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए लगातार कार्यरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश में लागू किए गए कई नियम और कानूनों का देशभर में अनुसरण किया जा रहा है। उनके कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि महाराज, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, ओमप्रकाश जमदग्नि, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, आशु चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोभाल, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह सहित साधु-संत और विभिन्न प्रदेशों से आए श्रद्धालु मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page