कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों में जुटी हरिद्वार पुलिस, SP यातायात ने हाईवे और एक्सप्रेसवे का किया निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने राष्ट्रीय राजमार्ग, फ्लाईओवर, अंडरपास और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़े विभिन्न मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक यातायात ने सीओ यातायात बिपेन्द्र सिंह और यातायात निरीक्षक हितेश कुमार के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-334, विभिन्न अंडरपास, फ्लाईओवर तथा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से हरिद्वार पहुंच मार्ग का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और निर्माण कार्यों से जुड़ी एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ मेले से पहले सभी आवश्यक निर्माण और सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान हरि लोक तिराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की एप्रोच वॉल के पास मिट्टी की लेवलिंग कर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग बनाने के निर्देश दिए गए। वहीं बहादराबाद बाईपास स्थित मोहनपुरी वाला फ्लाईओवर के दोनों ओर सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ाने को कहा गया ताकि यातायात संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से हरिद्वार पहुंच मार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवरों का कार्य तेजी से पूरा करने तथा टोल प्लाजा क्षेत्र में चल रहे कार्यों को आगामी एक माह के भीतर समाप्त करने के निर्देश भी संबंधित एजेंसियों को दिए गए। इसके अलावा पतंजलि से बढ़ेडी राजपूताना तक निर्माणाधीन फ्लाईओवरों के दोनों ओर सर्विस रोड को गड्ढामुक्त करने और उनकी चौड़ाई बढ़ाने का कार्य शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।

बढ़ेडी राजपूताना से सालियर जंक्शन तक नव-निर्मित हाईवे पर शेष बचे कार्यों को भी कांवड़ मेले से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात निरीक्षक हरिद्वार को निर्देशित किया गया कि आवश्यकता पड़ने पर नव-निर्मित हाईवे का उपयोग हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक एवं आपातकालीन मार्ग के रूप में किए जाने की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करें।

पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा के लिए अगले 15 दिनों में पुनः पूरे मार्ग का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस और संबंधित विभागों का लक्ष्य कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुचारु और बाधारहित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है, जिसके लिए तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।

You cannot copy content of this page