कांवड़ मेले में स्वास्थ्य विभाग की एक्सरसाइज जारी, एक दिन में 30,610 श्रद्धालुओं का मिला उपचार

–अब तक 1.61 लाख से अधिक श्रद्धालु ओपीडी में पहुंचे
खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की 08 अगस्त 2026 की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सा शिविरों में कुल 30,610 श्रद्धालुओं का उपचार ओपीडी में किया गया। इसके साथ ही कांवड़ मेले के दौरान अब तक ओपीडी में उपचार कराने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 1,61,635 पहुंच गई है।

सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें कांवड़ यात्रा मार्ग और प्रमुख स्थानों पर लगातार मुस्तैद हैं। 08 अगस्त को उपचार कराने वाले श्रद्धालुओं में सबसे अधिक 15,488 मरीज अन्य बीमारियों से संबंधित रहे। वहीं 5,599 श्रद्धालुओं को बुखार, 5,058 को फंगल इंफेक्शन, 2,333 को दुर्घटना में चोट और 1,615 को डायरिया की शिकायत पर उपचार दिया गया।

इसके अलावा 367 श्रद्धालुओं का बर्न, 66 का कीड़े के काटने, 56 का बंदर के काटने और 28 का कुत्ते के काटने के मामलों में उपचार किया गया। सांप के काटने का एक मामला सामने आया, जबकि रिपोर्ट के अनुसार 08 अगस्त को इस कारण कोई नया मामला दर्ज नहीं हुआ।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को 42 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया। इनमें दुर्घटना से संबंधित 14, डायरिया के 7, कुत्ते के काटने के 2, बंदर के काटने के 15 और कार्डियक प्रॉब्लम के 4 मामले शामिल हैं। अब तक कुल 151 मरीज रेफर किए जा चुके हैं।
वहीं 08 अगस्त को दो लोगों की मृत्यु दर्ज हुई, जिन्हें रिपोर्ट में ब्रॉट डेड बताया गया है। कांवड़ मेले के दौरान अब तक कुल 9 मौतें दर्ज की गई हैं।
सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तत्परता से कार्य कर रही हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







