कांवड़ मेले में नगर निगम का टेक्नोलॉजी प्रयोग, स्मार्ट सोलर कूड़ेदान ने खींचा ध्यान, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए नगर निगम हरिद्वार ने कांवड़ मेले में एक अनोखा और हाईटेक प्रयोग शुरू किया है। नगर निगम ने ‘स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट बिन’ का ट्रायल कांवड़ पटरी पर शुरू किया है। यह अत्याधुनिक डस्टबिन बिना छुए अपने आप ढक्कन खोलता है और कचरा डालते ही उसे स्वतः कॉम्पैक्ट भी कर देता है। नगर निगम का दावा है कि इससे स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी, सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल बनेगी।
नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार के निर्देश पर नगर निगम ने शहर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जे.डी.ई. वेलफेयर सोसायटी के माध्यम से इस स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट बिन को डिजाइन कराया है। फिलहाल इसका ट्रायल कांवड़ पटरी पर किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन हजारों शिवभक्त इसका उपयोग कर रहे हैं।
इस स्मार्ट डस्टबिन की सबसे खास बात इसका सेंसर आधारित ऑटोमैटिक ओपनिंग सिस्टम है। जैसे ही कोई व्यक्ति डस्टबिन के सामने पहुंचता है, उसका ढक्कन स्वतः खुल जाता है और कचरा डालने के बाद अपने आप बंद हो जाता है। इससे डस्टबिन को छूने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा दोनों सुनिश्चित होती हैं।
डस्टबिन में लगाया गया ऑटोमैटिक कॉम्पैक्शन सिस्टम कचरा डालते ही उसे दबाकर कम जगह में अधिक मात्रा में संग्रहित कर देता है। इससे डस्टबिन जल्दी भरने की समस्या कम होगी, सफाई कर्मचारियों को बार-बार कचरा खाली नहीं करना पड़ेगा और सफाई व्यवस्था अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा सकेगी।
पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित यह स्मार्ट बिन बाहरी बिजली पर निर्भर नहीं है। इसकी मजबूत संरचना ऐसी बनाई गई है कि आवारा पशु इसे गिरा नहीं सकते और न ही इसमें मुंह डालकर कचरा फैला सकते हैं। इससे सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलने की समस्या पर भी प्रभावी रोक लगेगी।
नगर निगम के अनुसार ट्रायल के शुरुआती परिणाम काफी उत्साहजनक रहे हैं। श्रद्धालुओं ने भी इस नई तकनीक की सराहना की है। यदि ट्रायल पूरी तरह सफल रहता है तो आने वाले समय में शहर के प्रमुख बाजारों, घाटों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी ऐसे स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट बिन लगाए जाएंगे।
ट्रायल के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील मलिक, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक रूपाली सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्वयं स्मार्ट बिन की कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर इसकी उपयोगिता का परीक्षण किया।
नगर निगम हरिद्वार की यह पहल स्वच्छता प्रबंधन में आधुनिक तकनीक के उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो हरिद्वार देश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो सकता है, जहां सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था में स्मार्ट और सोलर तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







