आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे और डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने किया कांवड़ मेला क्षेत्र का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

खबर डोज, हरिद्वार। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध नजर आ रही है। सोमवार को पुलिस मुख्यालय से आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे एवं डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र सिंह गुंज्याल हरिद्वार पहुंचे और कांवड़ मेले की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने एसएसपी हरिद्वार एवं अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ी सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान आईजी और डीआईजी ने शिवभक्तों को फल एवं फलाहार वितरित कर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। इसके बाद दोनों अधिकारी मेला कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां सीसीटीवी कंट्रोल रूम के माध्यम से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों की निगरानी की गई।
इसके उपरांत मेला कंट्रोल रूम में सुपर जोनल एवं जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करते हुए आगामी दिनों के लिए रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ेगी, इसलिए यातायात प्रबंधन पर विशेष फोकस रखा जाए और छोटी से छोटी घटना का भी तत्काल मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया जाए।
बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने का प्रयास किया जाता है तो संबंधित व्यक्ति को तत्काल चिन्हित कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को किसी घटना का इंतजार नहीं करना है, बल्कि सक्रिय रहकर हर संभावित चुनौती का समय रहते समाधान करना है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में सक्षम पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा पुलिस मुख्यालय स्तर से भी कांवड़ मेले की लगातार निगरानी की जा रही है। कुछ संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी एसएसपी हरिद्वार एवं नोडल अधिकारी कांवड़ मेला को दिए गए।
बैठक के समापन पर आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे एवं डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों, अर्धसैनिक बल के जवानों तथा एसपीओ को “मैन ऑफ द डे” सम्मान से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि आने वाले सप्ताह में सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी एक टीम के रूप में कार्य करते हुए हर चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करेंगे, ताकि करोड़ों शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न हो सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







