जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने हरिद्वार में किया विकास कार्यों का निरीक्षण, गंगा पूजन, रुद्राभिषेक और वृक्षारोपण कर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अपने हरिद्वार दौरे के दौरान सिंचाई विभाग से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ आध्यात्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। उनका यह दौरा हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और बिजनौर जनपदों में सिंचाई विभाग के विकास कार्यों के निरीक्षण एवं समीक्षा के साथ आध्यात्मिक यात्रा के रूप में भी रहा।

दौरे की शुरुआत उन्होंने हरिद्वार स्थित वीआईपी घाट पर मां गंगा में स्नान से की। इसके बाद गंगा तट पर विधि-विधान से यज्ञ एवं पूजन किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार वृक्ष का पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने प्रकृति और सनातन संस्कृति के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।

हरिद्वार प्रवास के दौरान जलशक्ति मंत्री ने आचार्य एवं ज्योतिषाचार्य श्री गिरधर शास्त्री से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने बिलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

इसके उपरांत मंत्री स्वतंत्र देव सिंह कृष्णायन गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गौवंश के संरक्षण एवं सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने गौशाला प्रबंधन द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर आचार्य विवेकानंद शास्त्री, सिंचाई विभाग के अधिकारी विकास त्यागी, भारत भूषण शर्मा, के.के. सैनी, अनुज बंसल सहित सिंचाई विभाग के कई अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

You cannot copy content of this page