हरिद्वार में सिंगल यूज प्लास्टिक पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, पांच हजार किलो प्लास्टिक जब्त, एक लाख का चालान, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम हरिद्वार ने मंगलवार को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खड़खड़ी स्थित बैरागी धर्मशाला के सामने एक गोदाम पर छापेमारी कर लगभग 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद की। मौके पर पूरी खेप को जब्त करते हुए गोदाम संचालक नानक चंद पर ₹1 लाख का चालान किया गया।
जानकारी के अनुसार नगर निगम को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पॉलीथीन एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक बेचने वाले छोटे व्यापारियों को खड़खड़ी स्थित एक गोदाम से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति की जा रही है। यही प्लास्टिक गंगा स्नान, पर्व स्नान और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भारी मात्रा में कचरा फैलाने के साथ पर्यावरण प्रदूषण का प्रमुख कारण बन रही थी।
सूचनाओं की पुष्टि के बाद नगर निगम ने संबंधित गोदाम पर निगरानी शुरू की। पुख्ता जानकारी मिलने पर मंगलवार को तहसील प्रशासन और पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद हुई, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। साथ ही संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार ₹1 लाख का चालान भी किया गया।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि हरिद्वार को सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। प्रतिबंधित प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि गंगा और पर्यावरण की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संयुक्त अभियान में नगर आयुक्त नंदन कुमार, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







