सीसीटीवी कैमरों से कोटद्वार निगम ने तेज की निगरानी, गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: बोले नगर आयुक्त पीएल शाह

खबर डोज, कोटद्वार। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर निगम कोटद्वार ने अब निगरानी व्यवस्था और सख्त कर दी है। नगर निगम क्षेत्र में पहले से लगाए गए 40 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अब शहर के प्रमुख स्थानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। खासतौर पर सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने की तैयारी की गई है।
नगर आयुक्त कोटद्वार पीएल शाह ने बताया कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना है। इसके लिए नगर निगम की टीम लगातार सफाई अभियान चला रही है, लेकिन कुछ लोग अब भी सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंककर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए शहर के विभिन्न मुख्य स्थानों पर पूर्व में लगाए गए 40 सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग अब और तेज कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि कैमरों की मदद से उन लोगों की पहचान की जाएगी जो सड़क किनारे, नालों, सार्वजनिक स्थलों या अन्य जगहों पर कूड़ा फेंकते हुए दिखाई देंगे। पहचान होने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का मानना है कि इस कदम से शहर में गंदगी फैलाने वालों पर रोक लगेगी और लोग स्वच्छता के प्रति अधिक जिम्मेदार बनेंगे।
नगर आयुक्त पीएल शाह ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ शहर बनाना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि लोग जागरूक होकर निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालेंगे और सफाई व्यवस्था में सहयोग करेंगे, तो शहर को साफ और सुंदर बनाए रखना आसान होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कुछ भ्रामक खबरें और गलत जानकारियां भी सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही हैं। लोगों से अपील की गई है कि ऐसी भ्रामक खबरों से दूरी बनाए रखें और किसी भी जानकारी की पुष्टि के बाद ही उसे साझा करें।
नगर निगम ने साफ किया है कि स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन का उद्देश्य कोटद्वार को एक स्वच्छ और जागरूक शहर के रूप में विकसित करना है, जिसमें आम नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







