विजिलेंस का बड़ा एक्शन: थाने का सिपाही खनन कारोबारी से 45 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज उत्तराखंड। विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाने में तैनात सिपाही दीपक सामंत को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सिपाही पर एक खनन कारोबारी से कार्रवाई में राहत देने के नाम पर 65 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था। विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक नैनीताल जिले के हल्द्वानी में खनन कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी कि थाना बेतालघाट में तैनात सिपाही दीपक सामंत उससे कार्रवाई न करने और मामले को हल्का करने के बदले रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि सिपाही ने कुल 65 हजार रुपये की मांग की थी, जिससे परेशान होकर उसने विजिलेंस से संपर्क किया।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले का सत्यापन किया और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना तैयार की। योजना के तहत शिकायतकर्ता को तय रकम लेकर पुलिस चौकी भेजा गया। जैसे ही आरोपी सिपाही ने 45 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सिपाही दीपक सामंत मूल रूप से उधम सिंह नगर जिले के खटीमा चकरपुर क्षेत्र का निवासी है। विजिलेंस की कार्रवाई के दौरान चौकी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

विजिलेंस टीम अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी सिपाही पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रहा है या नहीं। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

You cannot copy content of this page