चारधाम यात्रा और वीकेंड पर सख्त निगरानी, एएसपी मनोज ठाकुर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। चारधाम यात्रा और वीकेंड के चलते बढ़ रही श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में एएसपी कोटद्वार ने थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

रविवार को किए गए निरीक्षण के दौरान एएसपी ने यात्रा मार्गों, प्रमुख पार्किंग स्थलों, गंगा घाटों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील प्वाइंटों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान चारधाम यात्रा संचालन, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। एएसपी ने निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों पर यातायात सुचारू रूप से संचालित रहे और श्रद्धालुओं व पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने घाट क्षेत्रों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख यातायात बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर लगातार पुलिस उपस्थिति बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

You cannot copy content of this page