अध्यात्म से होता है चरित्र निर्माण, मानवता और सेवा को जीवन में अपनाएं: सतपाल महाराज

ख़बर शेयर करें -

-75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में ऋषिकुल मैदान में दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ, बोले- गंगा नहीं सिखाती जात-पात और भेदभाव

खबर डोज, हरिद्वार। आध्यात्मिक गुरु एवं उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का 75वां जन्मदिन सोमवार को श्रद्धालुओं की उपस्थिति में धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्मदिन के उपलक्ष्य में ऋषिकुल मैदान में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का रविवार को शुभारंभ हुआ। विशाल पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। सतपाल महाराज के पंडाल में पहुंचने पर अनुयायियों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान संगीतमयी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।

श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में हरिद्वार का विशेष महत्व है। मां गंगा पूरे संसार को निर्मलता और पवित्रता का संदेश देती हैं। गंगा से प्रेरणा लेकर जात-पात और भेदभाव को भुलाकर देश एवं संसार के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारतीय मनीषियों ने सदैव संसार को मानवता, अध्यात्म और सेवा का मार्ग दिखाया है। अध्यात्म के मार्ग पर चलकर ही चरित्र निर्माण संभव है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में धर्म, अध्यात्म और सेवा के मूल्यों को अपनाते हुए समाज के कल्याण में योगदान देना चाहिए।

सतपाल महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति देश-दुनिया को भारतीय परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों का दर्शन करा रही है। मां गंगा की पवित्रता, निर्मलता और अविरलता करोड़ों श्रद्धालुओं को हरिद्वार की ओर आकर्षित करती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि देवभूमि उत्तराखंड की मान-मर्यादा और संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने में अपना सहयोग दें।

उन्होंने भारत भूमि को शस्य-श्यामला बनाने की दिशा में प्रयास करने और धर्म एवं अध्यात्म के मार्ग पर चलते हुए मानवता की सेवा करने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में सतपाल महाराज की धर्मपत्नी अमृता रावत, पुत्र विभू महाराज और सुयश महाराज, पुत्रवधू आराध्या रावत एवं मोहिना कुमारी, रीवा राजघराने से पुष्पराज भूदेव, रागिनी सिंह, विधायक दिव्य राजसिंह, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page