ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत, पुलिस महकमे में शोक

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुनि की रेती थाना क्षेत्र की शिवपुरी चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद शर्मा ड्यूटी के लिए अपनी स्कॉर्पियो वाहन से शिवपुरी चौकी जा रहे थे, तभी रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, हादसा देर रात उस समय हुआ जब विनोद शर्मा मुनि की रेती क्षेत्र से ड्यूटी पर लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना काफी देर बाद मिली, जिसके बाद पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंचकर शव को खाई से बाहर निकाला गया।

विनोद कुमार शर्मा मूल रूप से रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी थे और अपने शांत स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली तथा जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार के लिए जाने जाते थे। पुलिस सेवा में आने से पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। पुलिस विभाग में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया था और इससे पहले ढालवाला तथा कैलाश गेट चौकी के प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुके थे।

सहकर्मियों के अनुसार विनोद शर्मा एक कर्मठ और ईमानदार अधिकारी थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके आकस्मिक निधन से न केवल पुलिस विभाग बल्कि स्थानीय लोगों में भी गहरा दुख है।

हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। घटना की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

विनोद कुमार शर्मा के निधन पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

You cannot copy content of this page