गढ़वाल विश्वविद्यालय के फर्जी दस्तावेज मामले में पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक और आरोपी गिरफ्तार

-पूर्व में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दिल्ली से मनजीत सिंह को दबोचा
-फर्जी BBA की मार्कशीट और डिग्री के आधार पर कंपनी में कर रहा था मैनेजर की नौकरी
खबर डोज, कोटद्वार। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी अंकतालिका, डिग्री, विश्वविद्यालयीय मोहर और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर तैयार करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मामले में तीसरे आरोपी मनजीत सिंह को दक्षिणी दिल्ली के बसंत विहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मनजीत सिंह ने गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी BBA की अंकतालिका और डिग्री बनवाई और इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था।
मामले की शुरुआत 25 मार्च 2026 को हुई, जब एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि कासिफ कलीम और अन्य व्यक्तियों द्वारा विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, उपाधि प्रारूपों, विश्वविद्यालयीय मोहरों और संबंधित अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षरों का कूटरचित तरीके से निर्माण किया गया तथा इन फर्जी दस्तावेजों को वास्तविक और प्रमाणिक अभिलेखों के रूप में विभिन्न स्थानों पर इस्तेमाल किया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने नामजद आरोपियों के साथ ही अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले नामजद आरोपी कासिफ कलीम और मामले में प्रकाश में आए एक अन्य आरोपी देवांश पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद पुलिस टीम अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच करते हुए लगातार सुरागरसी, पतारसी और सूचना संकलन में जुटी रही।
इसी जांच के दौरान पुलिस को मनजीत सिंह की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए 33 वर्षीय मनजीत सिंह पुत्र सतवीर सिंह, निवासी ग्राम संतोखपुरा, थाना सदर, तहसील चरखी दादरी, जिला भिवानी, हरियाणा को बसंत विहार, दक्षिण दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी द्वारा गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी BBA मार्कशीट और डिग्री तैयार कराई गई थी और इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर वह एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने के इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेज प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







