गंगनहर चोरी कांड की जांच में हापुड़ पहुंची पुलिस, सर्राफा बाजार में छापेमारी से मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हापुड़/हरिद्वार। हरिद्वार जनपद की गंगनहर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले की जांच के सिलसिले में बीते बुधवार को उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित सिटी कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार में छापेमारी की। पुलिस टीम एक संदिग्ध आरोपी को साथ लेकर बाजार पहुंची, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, गंगनहर थाना पुलिस हाल ही में अपने क्षेत्र में हुई एक चोरी की घटना की जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सुराग मिले, जिनके आधार पर चोरी किए गए आभूषणों को हापुड़ के एक सर्राफा कारोबारी के यहां गलाए जाने की आशंका जताई गई। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम संदिग्ध आरोपी को लेकर संबंधित प्रतिष्ठान पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।

हरिद्वार पुलिस के सर्राफा बाजार में पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों से बाहर निकल आए और कार्रवाई की वजह जानने का प्रयास करते रहे।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने संबंधित प्रतिष्ठान पर पूछताछ के साथ-साथ कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां भी जुटाई हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने जांच की गोपनीयता का हवाला देते हुए फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।

गंगनहर थाना पुलिस का कहना है कि चोरी के मामले में हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी भी व्यक्ति या कारोबारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने और चोरी किए गए आभूषणों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।

You cannot copy content of this page