राम मंदिर और बद्रीनाथ धाम में कथित चंदा घोटाले की न्यायिक जांच हो: सपा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। अयोध्या राम मंदिर और उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने न्यायिक जांच की मांग उठाई है। हरिद्वार स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता प्रो. भुवन भास्कर जोशी और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने दोनों मामलों की हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रो. भुवन भास्कर जोशी ने आरोप लगाया कि अयोध्या राम मंदिर के कथित चंदा चोरी मामले में गठित एसआईटी जांच केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित दिखाई दे रही है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पूरे प्रकरण की न्यायिक निगरानी में जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई संभव होगी।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े संस्थानों में आर्थिक अनियमितताओं के आरोप बेहद गंभीर हैं। ऐसे मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने कहा कि चाहे मामला अयोध्या राम मंदिर का हो या बद्रीनाथ धाम का, यदि कहीं भी चंदे के दुरुपयोग या गड़बड़ी के आरोप हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मामलों में किसी भी स्तर पर पक्षपात नहीं करना चाहिए।

सपा नेताओं ने मांग की कि दोनों मामलों की जांच हाईकोर्ट अथवा सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की निगरानी में कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार के राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव की आशंका समाप्त हो और वास्तविक दोषियों को सजा मिल सके।

प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि समाजवादी पार्टी धार्मिक संस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की पक्षधर है तथा जनभावनाओं से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।

You cannot copy content of this page