हरिद्वार में प्रशासन के लिए आफत बनी बारिश, जलभराव से हालात बिगड़े, रेलवे कॉलोनी में मकान क्षतिग्रस्त, चार लोगों का रेस्क्यू, डीएम ने संभाला मोर्चा, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने धर्मनगरी हरिद्वार में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जबकि रेलवे कॉलोनी में एक मकान क्षतिग्रस्त होने से चार लोग उसमें फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं हालात का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और अधिकारियों को तत्काल राहत एवं जल निकासी के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल स्थित गुरुबख्श विहार तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमनानंद अस्पताल के निकट जलभराव वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले स्थानों से तत्काल पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां आवश्यकता अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाए, जिससे जाम और दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके। साथ ही सभी विभागों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने और जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इसी बीच भारी बारिश के कारण रेलवे कॉलोनी स्थित पुरुषार्थी मार्केट के निकट एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय मकान के अंदर चार लोग फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू किए गए लोगों में त्रिवेणी (50 वर्ष) पुत्र विशंभर प्रसाद, उनकी पत्नी शीला देवी (40 वर्ष), धारा (50 वर्ष) पुत्र भूरा सिंह तथा सोमवती (22 वर्ष) पुत्री त्रिवेणी शामिल हैं। सभी रेलवे कॉलोनी, पुरुषार्थी मार्केट के निकट, थाना कोतवाली नगर, जनपद हरिद्वार के निवासी हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, कांवड़ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं तथा विशेष रूप से गंगा और अन्य नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है, इसलिए अनावश्यक रूप से नदी किनारों और घाटों की ओर जाने से बचें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को लोगों को लगातार जागरूक करने और सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, जल निगम के सहायक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







