भीषण गर्मी में डटे पुलिस जवानों का बढ़ाया हौसला, एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे खुद उतरीं मैदान में

खबर डोज, मुनिकीरेती। चारधाम यात्रा और वीकेंड के चलते मुनिकीरेती क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लगातार बढ़ते यातायात दबाव और भीषण गर्मी के बीच टिहरी पुलिस के जवान मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे हैं। ऐसे में पुलिस अधिकारियों ने खुद मैदान में उतरकर जवानों का हौसला बढ़ाया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल , अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह और क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर सुरेंद्र भंडारी ने मुनिकीरेती क्षेत्र पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं की कमान संभालते हुए ट्रैफिक संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

भीषण गर्मी में लगातार कठिन ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को रिफ्रेशमेंट वितरित किया और उनका मनोबल बढ़ाया। अधिकारियों ने पुलिस जवानों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ करने की अपील की।
एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी और संयम के साथ कार्य करें, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
टिहरी पुलिस द्वारा मुनिकीरेती क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से भी सहयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







