बहुद्देशीय शिविर में भिड़े दो पक्ष, जमकर मारपीट से मचा हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार जिले के झबरेड़ी खुर्द गांव में आयोजित एक बहुद्देशीय शिविर के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया। घटना के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में दर्जाधारी देशराज कर्णवाल और उनकी पत्नी वैजयंती माला भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि भीम आर्मी से जुड़े कुछ लोगों द्वारा डीजे बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी हाथापाई में बदल गई।
कार्यक्रम स्थल पर अचानक विवाद बढ़ने से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया और हालात को नियंत्रण में लिया।
घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचने लगे, जिसके चलते मामला अब राजनीतिक रंग भी पकड़ता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि वैजयंती माला की ओर से पुलिस को तहरीर देने की तैयारी की जा रही है।
वहीं मामले को लेकर शेखर चंद सुयाल ने बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







