अपराध नियंत्रण से चारधाम यात्रा तक SSP का सख्त फोकस, एसएसपी ने उत्तम कार्यों के लिए सीआईयू कोटद्वार के हेड कांस्टेबल उत्तम को दिया सम्मान

खबर डोज, पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन पौड़ी में माह अप्रैल की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की। बैठक में दूरस्थ क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया, जबकि निकटवर्ती थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी भौतिक रूप से मौजूद रहे। गोष्ठी में कानून व्यवस्था, साइबर अपराध, नशा तस्करी, सड़क सुरक्षा, चारधाम यात्रा और फायर सीजन समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।

एसएसपी सर्वेश पंवार ने लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश देते हुए महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा। साइबर अपराधों की रोकथाम, न्यायालयीय वारंटों की प्रभावी तामिली और सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

गोष्ठी में नशा उन्मूलन अभियान को लेकर एसएसपी ने साफ कहा कि कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नशे के पूरे सप्लाई नेटवर्क को तोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने ड्रग्स हॉटस्पॉट्स पर नियमित चेकिंग, सघन गश्त और आकस्मिक निरीक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही नशा कारोबार से जुड़े आर्थिक सहयोगियों और संरक्षण देने वालों की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने को कहा।
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन को लेकर भी विस्तृत रणनीति बनाई गई। एसएसपी ने यात्रा मार्गों पर भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन रिस्पांस सिस्टम को और मजबूत करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों से निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन और अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा भी की गई। एसएसपी ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बताया गया कि अप्रैल माह में सीएम हेल्पलाइन पर कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 62 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 16 शिकायतें लंबित हैं। वहीं वर्ष 2026 में अब तक कुल 338 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 272 शिकायतों का निस्तारण हो चुका है।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, स्टंटबाजी, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
एसएसपी ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, नशा उन्मूलन और सड़क सुरक्षा को लेकर स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम सभाओं और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए आमजन तक सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाने पर बल दिया।
वर्तमान फायर सीजन को देखते हुए थाना प्रभारियों और फायर यूनिटों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने तथा आगजनी की घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए। साथ ही फायर उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील रखने को कहा गया।
बैठक के दौरान अप्रैल माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर, अनूप काला, निहारिका सेमवाल, तुषार बोरा, अस्मिता मंमगाई सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







