सुप्रीम कोर्ट: देह व्यापार और वेश्या जैसे शब्दों का इस्तेमाल होगा बंद

ख़बर शेयर करें -

नई दिल्ली। वेश्या या बदचलन औरत जैसे शब्द कानूनी शब्दावली से जल्द ही गायब हो जाएंगें। सुप्रीम कोर्ट ने महिलाओं के लिए सदियों से चले आ रहे कुछ शब्दों को अनुचित बताया है। समूची भारतीय न्यायपालिका के लिए एक हैंडबुक जारी की गई है और जजों से अपेक्षा की गई है कि हैंडबुक में रूढ़िवादी शब्दों की जगह नई शब्दावली अपनाई जाए।
31 पेज की पुस्तिका में कहा गया है कि मायाविनी, वेश्या या बदचलन औरत जैसे शब्दों का उपयोग करने के बजाए महिला शब्द का उपयोग किया जाना चाहिए। इसमें देह व्यापार और वेश्या जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है और कहा गया है कि इसके स्थान पर यौन कर्मी शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा। पुस्तिका में कहा गया है कि सहवासिनी या रखैल जैसे शब्दों का उपयोग करने के बजाए वह महिला जिसके साथ किसी पुरुष ने शादी के बाहर प्रेम संबंध या यौन संबंध बनाए हैं, अभिव्यक्ति का उपयोग किया जाना चाहिए। इसमें कहा गया है कि छेड़छाड़ शब्द को अब सड़क पर यौन उत्पीड़न कहा जाएगा। समलैगिक शब्द के बजाए, व्यक्ति के यौन रुझान का सटीक वर्णन करने वाले शब्द का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। गृहिणी (हाउस वाइफ) शब्द की जगह और विधिक विमर्श में गृह स्वामिनी (होममेकर) का इस्तेमाल किया जाएगा। नाजायज शब्द के बजाए गैर-वैवाहिक संबंधों से पैदा हुआ बच्चा या, ऐसा बच्चा जिसके माता-पिता विवाहित नहीं थे, शब्द का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने एक पुस्तिका का विमोचन किया जिसमें अनुचित लैंगिक शब्दों की शब्दावली है और इनकी जगह वैकल्पिक शब्द तथा वाक्यांश सुझाए गए हैं, जिनका उपयोग किया जा सकता है। जैसे ही चीफ जस्टिस धनंजय चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ पूर्ववर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त करने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर बहस सुनने के लिए बैठी, सीजेआई ने पुस्तिका के विमोचन की घोषणा की।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हैंडबुक ऑन कॉम्बैटिंग जेंडर स्टीरियोटाइप्स’ का उद्देश्य न्यायाधीशों और कानूनी समुदाय के सदस्यों को महिलाओं के बारे में हानिकारक रूढ़िवादी सोच को पहचानने, समझने और उसका प्रतिकार करने के लिए सशक्त बनाना है। पुस्तिका में लैगिग रूप से अनुचित शब्दों की एक शब्दावली दी गई है और दलीलों, आदेशों और निर्णयों सहित कानूनी दस्तावेजों में उपयोग के लिए उनके वैकल्पिक शब्द और प्रस्तावित वाक्यांश दिए गए है।

You cannot copy content of this page